सरगुजा
अंबिकापुर, 25 जुलाई। सरगुजा जिले के विद्यार्थियों को अब मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए स्कूलों में ही ऑनलाइन कक्षाओं की सुविधा मिलेगी। कलेक्टर अजीत वसंत ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में यह निर्देश देते हुए कहा कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से ही प्रभावी कार्ययोजना बनाकर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम मिल सकें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने सभी हायर सेकेंडरी विद्यालयों में मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी करने वाले कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन क्लास संचालित करने के निर्देश दिए।
इसके लिए इंटरनेट, बड़ी स्क्रीन और अलग कक्ष सहित सभी आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराने को कहा।
कलेक्टर ने रायपुर में नीट और जेईई की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की नियमित मॉनिटरिंग, टेस्ट सीरीज और फीडबैक की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने भवनविहीन और विद्युतविहीन स्कूलों की सूची तैयार करने, पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश का समय पर वितरण तथा विद्यालयों में न्यूज डेस्क के माध्यम से विद्यार्थियों में समाचार पढऩे की आदत विकसित करने पर जोर दिया।
बैठक में हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों की छात्राओं के लिए 15वें वित्त आयोग की स्वच्छता मद से सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने तथा डीएमएफ मद से 26 अतिथि व्याख्याताओं की शीघ्र भर्ती करने के निर्देश भी दिए गए। विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) समुदाय के बच्चों का अगली कक्षाओं में प्राथमिकता के साथ प्रवेश सुनिश्चित करने और स्कूल छोडऩे वाले बच्चों की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर ने विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, बिजली, फर्नीचर और अन्य आधारभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने, साइकिल वितरण से पहले गुणवत्ता जांच अनिवार्य करने, विद्यार्थियों की अपार आईडी, आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को सेवा निवृत्ति के दिन ही सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।