सरगुजा
अंबिकापुर, 25 जुलाई। ओरिएंटल पब्लिक स्कूल में आयोजित सीबीएसई ईस्ट जोन हैंडबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन नॉकआउट मुकाबलों के साथ प्रतियोगिता और अधिक रोमांचक हो गई। विभिन्न आयु वर्गों में खेले गए मुकाबलों में खिलाडिय़ों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में जगह बनाने के लिए कड़ा संघर्ष किया।
अंडर-17 बालक वर्ग में सात मुकाबले खेले गए। इनमें आदर्शिला विद्या मंदिर कोनी-बिलासपुर, एचएएम एकेडमी स्कूल जगदलपुर, विकास रेजिडेंशियल स्कूल बडग़ढ़ (ओडिशा), सेंट जेवियर हाई स्कूल क्योंझर, केसी पब्लिक स्कूल ब्रह्मपुर, डीएवी पब्लिक स्कूल मधुकुंडा (पश्चिम बंगाल) तथा एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल (ईएमआरएस) मैनपाट की टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
अंडर-19 बालक वर्ग में भी सात रोमांचक मुकाबले खेले गए। इस वर्ग में केसी पब्लिक स्कूल ब्रह्मपुर, साउथ प्वाइंट हाई स्कूल कोलकाता, आदर्शिला विद्या मंदिर कोनी-बिलासपुर, विवेकानंद केंद्रीय विद्यालय गोलाघाट (असम), ज्ञान विकास स्कूल गंजम, एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल करंजिया (ओडिशा) तथा मॉडर्न पब्लिक स्कूल कल्याणपुर (छत्तीसगढ़) की टीमों ने दमदार प्रदर्शन किया।
अंडर-14 बालिका वर्ग में तीन मुकाबले आयोजित हुए, जिनमें द ग्रेट इंडिया पब्लिक स्कूल रायपुर, विवेकानंद केंद्रीय विद्यालय गोलाघाट, ओरिएंटल पब्लिक स्कूल अंबिकापुर तथा उत्तम इंटरनेशनल स्कूल रायगढ़ की खिलाडिय़ों ने खेल भावना और प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग के मुकाबलों में ओरिएंटल पब्लिक स्कूल अंबिकापुर, आर्मी पब्लिक स्कूल गोपालपुर (ओडिशा) तथा सेंट जेवियर हाई स्कूल क्योंझर (ओडिशा) की टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर प्रतियोगिता को रोमांचक बना दिया।
प्रतियोगिता के दौरान सीबीएसई के खेल प्रेक्षक संतोष बेहुरा भी मौजूद रहे। आयोजन समिति के अनुसार आगामी मुकाबलों में प्रतियोगिता और अधिक चुनौतीपूर्ण होने की उम्मीद है।