सरगुजा
एनएसयूआई ने लंबे आंदोलन का बताया परिणाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 जुलाई। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर में भवन निर्माण एवं छात्रावास की मरम्मत के लिए शासन ने दो करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है।
स्वीकृत राशि में एक करोड़ रुपये महाविद्यालय भवन से संबंधित कार्यों तथा एक करोड़ रुपये छात्रावास की मरम्मत के लिए दिए गए हैं। निर्माण एवं मरम्मत कार्य प्रारंभ होने पर एनएसयूआई ने इसे अपने लंबे आंदोलन और छात्र हितों के लिए किए गए प्रयासों की सफलता बताया है।
एनएसयूआई विश्वविद्यालय अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता और विश्वविद्यालय उपाध्यक्ष गौतम गुप्ता ने बताया कि संगठन लंबे समय से महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं की मूलभूत सुविधाओं की मांग उठा रहा था। छात्रावास की मरम्मत, वार्डन कक्ष के निर्माण तथा अतिरिक्त कक्षों की आवश्यकता को लेकर कई बार ज्ञापन सौंपे गए और आंदोलन भी किए गए।
संगठन का कहना है कि स्वीकृत राशि से छात्रावास की मरम्मत, वार्डन कक्ष का निर्माण और अन्य आवश्यक कार्य पूरे किए जाएंगे, जिससे छात्र-छात्राओं को बेहतर आवासीय सुविधाएं और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का भी समाधान होने की उम्मीद है।
एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष हिमांशु जायसवाल ने कहा कि संगठन छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाता रहा है और भविष्य में भी शिक्षा, छात्रावास, पुस्तकालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
इस अवसर पर अनमोल बारी, सत्यम, प्रमोद और आयुष सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।