सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 जुलाई। सामाजिक संस्था सेवा किटी समूह द्वारा गुरुवार को कलेक्टोरट परिसर स्थित वाहन पार्किंग में कार्यरत महिलाओं को बारिश के मौसम को देखते हुए रेनकोट एवं फल वितरित किए गए।
समूह की सदस्यों ने बताया कि सेवा किटी समूह पिछले छह वर्षों से वाहन पार्किंग में कार्यरत महिलाओं की आवश्यकताओं के अनुसार समय-समय पर सहयोग करता आ रहा है। सर्दी के मौसम में गर्म कपड़े, त्योहारों पर मिठाई तथा जरूरत की अन्य सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है।
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी अजय तिवारी ने सेवा किटी समूह के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। वहीं, नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र सरगुजा के संयोजक मंगल पाण्डेय ने कहा कि समूह वर्षभर विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से निस्वार्थ भाव से समाज सेवा कर रहा है, जिससे अन्य लोग भी प्रेरित हो रहे हैं।
वरिष्ठ समाजसेवी उमाशंकर पाण्डेय ने कहा कि सेवा किटी समूह की पहल से अन्य महिलाएं भी सामाजिक कार्यों में बढ़-चढक़र भागीदारी निभा रही हैं। युवा समाजसेवी एवं नवा बिहान अभियान के समन्वयक अनिल कुमार मिश्रा ने कहा कि सेवा किटी समूह की संस्थापिका वंदना दत्ता के सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
कार्यक्रम के अंत में सेवा किटी समूह की संस्थापिका वंदना दत्ता ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वाहन पार्किंग में कार्यरत महिलाओं के परिवार की आजीविका इसी कार्य पर निर्भर है। ऐसे में उनका सहयोग करना समूह की सामाजिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संतोष पाण्डेय, नीलिमा गोयल, मधु चौधरी, लिली बसु राय, गायत्री सुल्तानिया, आतिशी भट्टाचार्य, नमिता चावला, सत्या दुबे, मिलन शर्मा, अंजना परिहार, स्मिता तिवारी, सुनिता दास एवं सुधा तिवारी सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।