सरगुजा
कांग्रेस ने 3 दिन में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की दी चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 23 जुलाई। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कार्यमुक्त किए जा चुके अधिकारियों और कर्मचारियों के कथित रूप से अब भी कार्य करने के मामले को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज आलम गांधी ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तीन दिनों के भीतर कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर कार्यालय के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर के निर्देशों तथा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी कार्यमुक्ति आदेशों के बावजूद कुछ अधिकारी एवं कर्मचारी आज भी डीईओ कार्यालय अंबिकापुर में नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज कर शासकीय कार्यों का संपादन कर रहे हैं। इनमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पड़ौली के प्राचार्य भरत लाल अग्रवाल तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोनगरा (जिला सूरजपुर) के व्याख्याता संतोष साहू सहित अन्य शिक्षकों, लिपिकों एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का उल्लेख किया गया है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि साक्षर भारत परियोजना एवं छात्रावास अधीक्षक जैसे अन्य प्रभारों में भी कई कर्मचारियों को अब तक कार्यमुक्त नहीं किया गया है, जिससे शासन के आदेशों के पालन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
परवेज आलम गांधी ने जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की है कि तीन दिनों के भीतर कार्यमुक्त किए जा चुके सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके मूल पदस्थापना संस्थानों में कार्यभार ग्रहण कराना सुनिश्चित किया जाए तथा की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर जनहित एवं प्रशासनिक पारदर्शिता की मांग को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।