सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर/बरियों, 23 जुलाई। राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर ग्राम बरियों के समीप निर्माणाधीन सडक़ बारिश के बाद दलदल में तब्दील हो गई है। सडक़ निर्माण कार्य अधूरा होने और गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच आम लोगों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के कारण सडक़ पर मिट्टी और पानी जमा होने से पूरा मार्ग कीचड़ से भर गया है। हाल ही में सामने आई तस्वीरों में स्कूली छात्राएं घुटनों तक कीचड़ से होकर स्कूल जाने को मजबूर दिखाई दे रही हैं। वहीं दोपहिया वाहन चालक फिसलने के डर के बीच जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
ग्रामीणों के अनुसार बघिमा मंदिर से बरियों तक निर्माणाधीन सडक़ पर निर्धारित मानकों के अनुरूप वेट मिक्स मैकडम (डब्ल्यूएमएम) की परत बिछाने के बजाय मिट्टी डाल दी गई, जो बारिश के बाद दलदल में बदल गई है। इससे वाहनों के फंसने, लंबा जाम लगने और दोपहिया चालकों के गिरकर घायल होने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
भाजपा बरियों मंडल अध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी और निर्माण एजेंसी की लापरवाही के कारण निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सडक़ निर्माण में डब्ल्यूएमएम की मजबूत परत नहीं डाले जाने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है, जिसका खामियाजा आम जनता, स्कूली बच्चों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-343 के इस हिस्से का निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को कीचड़ और जाम की समस्या से राहत मिल सके।