सरगुजा
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने परिजनों से की मुलाकात
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 22 जुलाई। नक्सल मामलों में वर्षों से जेल में बंद बताए जा रहे निर्दोष आदिवासियों की रिहाई का मुद्दा अब जोर पकडऩे लगा है। परिजनों की पीड़ा को सुनने और उन्हें न्याय दिलाने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा ने सुकमा पहुंचकर पीडि़त परिवारों से सीधी मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान आदिवासी परिवारों ने बताया कि उनके परिजन कई वर्षों से जेल में बंद हैं, जबकि उनका नक्सली गतिविधियों से कोई संबंध नहीं है। परिवारों ने आरोप लगाया कि सिर्फ संदेह के आधार पर उनके घर के कमाने वाले सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके कारण पूरे परिवार को आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
परिजनों की व्यथा सुनकर जिलाध्यक्ष हरीश कवासी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष को जेल में नहीं रहना चाहिए। कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीब, आदिवासी और शोषित वर्ग के साथ खड़ी रही है। हम आपके परिवारों को अकेला नहीं छोड़ेंगे।
उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि निर्दोष आदिवासियों की रिहाई के लिए कानूनी और प्रशासनिक स्तर पर हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ने बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी से परिजनों की सीधे फोन पर बात भी कराई। विधायक मंडावी ने सभी परिवारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस मुद्दे को विधानसभा और शासन-प्रशासन के उच्च स्तर पर प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार से मांग की जाएगी कि ऐसे मामलों की समीक्षा कर जल्द से जल्द निर्दोषों को रिहा किया जाए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पीडि़त परिवार मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ रिहाई की नहीं, बल्कि आदिवासी समाज को न्याय दिलाने की लड़ाई है। पार्टी ने साफ किया कि जब तक अंतिम निर्दोष आदिवासी को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।