सरगुजा
अंबिकापुर, 22 जुलाई। बनारस रोड से प्रतापपुर रोड को जोडऩे वाली डिगमा-सरगवां सडक़ के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने 24 जुलाई को चक्काजाम और सांकेतिक धरना-प्रदर्शन की घोषणा की है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ बंग समाज कल्याण समिति एवं ग्रामवासियों ने अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) अंबिकापुर को सूचना देकर प्रशासन से शीघ्र सडक़ निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि डिगमा-सरगवां मार्ग पिछले लगभग डेढ़ दशक से जर्जर स्थिति में है। सडक़ पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं और आवागमन बेहद कठिन हो गया है। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, स्कूली बच्चों तथा मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में बताया गया है कि यह मार्ग साईं बाबा कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और साईं बाबा स्कूल तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। इसके अलावा एफसीआई चावल गोदाम तक भारी वाहनों का लगातार आवागमन भी इसी सडक़ से होता है, जिससे सडक़ की स्थिति और अधिक खराब हो गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सडक़ निर्माण की मांग को लेकर पहले भी कई बार शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके विरोध में 24 जुलाई को सुबह 11 बजे साईं बाबा कॉलेज, बनारस रोड के पास सांकेतिक धरना एवं चक्काजाम किया जाएगा।
आंदोलन के दौरान डिगमा-सरगवां मार्ग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (बनारस रोड) पर यातायात प्रभावित हो सकता है। प्रदर्शन के बाद कलेक्टर सरगुजा के माध्यम से शासन को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। आयोजन के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग किए जाने की भी प्रशासन को सूचना दी गई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सडक़ निर्माण की दिशा में शीघ्र पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।