सरगुजा
अंबिकापुर, 22 जुलाई। अविभाजित सरगुजा संभाग के लिए यह अत्यंत गौरव और ऐतिहासिक अवसर है कि पहली बार सीबीएसई जोनल लेवल हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन ओरिएंटल पब्लिक स्कूल, अंबिकापुर में किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ 23 जुलाई से होगा और यह 26 जुलाई तक चलेगी।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में असम, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा एवं अन्य राज्यों के 27 सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों के 500 से अधिक खिलाड़ी, प्रशिक्षक, टीम प्रबंधक अपनी सहभागिता हेतु अंबिकापुर आ चुके हैं। प्रतियोगिता अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्गों में आयोजित की जाएगी। जिसका उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच प्रदान करना है।
प्रतियोगिता के सफल संचालन की दिशा में कल सभी सहभागी राज्यों के कोच एवं टीम प्रबंधकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें प्रतियोगिता की रूपरेखा, मैचों की समय-सारिणी, तकनीकी नियम, खिलाडिय़ों की व्यवस्थाओं तथा अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आई. ए. खान सूरी ने कहा कि इस आयोजन से क्षेत्र के खिलाडिय़ों को प्रेरणा मिलेगी तथा खेल संस्कृति को नई पहचान प्राप्त होगी। उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों का हार्दिक स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के सफल, निष्पक्ष एवं अनुशासित आयोजन का विश्वास व्यक्त किया।