सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 22 जुलाई। समाजसेवा एवं जनकल्याण के उद्देश्य से स्थापित सहयोग फाउंडेशन का शुभारंभ समारोह प्रतापपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने विधिवत फीता काटकर फाउंडेशन का उद्घाटन किया तथा संस्था की समाजसेवी पहल की सराहना करते हुए इसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विधायक ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सहयोग फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, वस्त्र, आश्रय सहित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से समाज के वंचित एवं जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सहयोग फाउंडेशन के संस्थापक सदस्यों में शिवम गुप्ता, सौरभ गुप्ता, विलियम मिंज, शुभम जायसवाल, नीलकंठ यादव एवं ऋषभ गुप्ता शामिल हैं।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सेमरा खुर्द की सरपंच रूपा मिंज सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सहयोग फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए संस्था के सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से समाज के सभी लोगों से जनसेवा के इस अभियान में सहयोग करने की अपील की गई।
फाउंडेशन एक धर्मार्थ संस्था है, जिसका उद्देश्य मानवता, सेवा और सहयोग की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहायता पहुंचाना है।
संस्था द्वारा भविष्य में विभिन्न सामाजिक एवं जनहित के कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।