सरगुजा

बांकी जलाशय से तकिया फिल्टर प्लांट तक बिछेगी ग्रेविटी पाइपलाइन, 9.20 करोड़ की योजना को मिली मंजूरी
21-Jul-2026 8:25 PM
बांकी जलाशय से तकिया फिल्टर प्लांट तक बिछेगी ग्रेविटी पाइपलाइन, 9.20 करोड़ की योजना को मिली मंजूरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 21 जुलाई। मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत लगभग 9 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से बांकी जलाशय से तकिया फिल्टर प्लांट तक ग्रेविटी पाइपलाइन बिछाने का कार्य कराया जाएगा। योजना की स्वीकृति मिलने के बाद इसकी निविदा भी जारी कर दी गई है। इससे शहर की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को अधिक सुचारु और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

जल प्रदाय विभाग के प्रभारी सदस्य जितेंद्र सोनी ने योजना की स्वीकृति पर उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, अंबिकापुर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, महापौर मंजूषा भगत तथा सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में बारिश के दौरान नदी के माध्यम से तकिया फिल्टर प्लांट तक पानी पहुंचता है। बरसात में पानी गंदा होने के कारण फिल्टर एवं ट्रीटमेंट प्लांट के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे शहर की जलापूर्ति प्रभावित होती है।

ग्रेविटी पाइपलाइन बनने के बाद बांकी जलाशय से बिना किसी अवरोध के सीधे तकिया फिल्टर प्लांट तक पानी पहुंच सकेगा। इससे जल शोधन प्रक्रिया आसान होगी, पेयजल आपूर्ति में आने वाली प्रमुख समस्याओं का समाधान होगा और शहरवासियों को बेहतर एवं नियमित जलापूर्ति का लाभ मिलेगा। नगर निगम के अनुसार योजना की स्वीकृति के बाद निविदा प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।


अन्य पोस्ट