सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सीतापुर,20 जुलाई। सरगुजा जिले के जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की पेटला शाखा में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण वितरण में करोड़ों रुपये की कथित अनियमितता के मामले में सीतापुर पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस की कार्रवाई से बहुचर्चित केसीसी घोटाले की जांच को नया मोड़ मिला है।
पुलिस के अनुसार थाना सीतापुर में बीएनएस की धारा 318, 316(5), 61(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
मामले की प्रारंभिक जांच कलेक्टर सरगुजा द्वारा गठित जांच दल ने की थी। जांच में सामने आया कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की पेटला शाखा में 127 किसानों के फर्जी हस्ताक्षर कर उनके खातों से कुल 1 करोड़ 92 लाख 82 हजार 96 रुपये का अनियमित आहरण किया गया। जांच दल ने तत्कालीन शाखा प्रबंधक, सहायक लेखापाल, कैशियर, सामान्य सहायक, दैनिक वेतनभोगी कंप्यूटर ऑपरेटर तथा संबंधित समिति प्रबंधक सहित अन्य कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाई थी। इसके बाद कलेक्टर कार्यालय के निर्देश पर पुलिस में प्राथमिकी दर्ज की गई।
विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अखोराकला निवासी दीपक कुमार चक्रधारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले, जिसके बाद 19 जुलाई को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और घोटाले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी बारीकी से पड़ताल की जा रही है।