सरगुजा

बतौली के शिवम का नीट में 559 अंक
19-Jul-2026 7:59 PM
बतौली के शिवम का नीट में 559 अंक

अंबिकापुर, 19 जुलाई। सरगुजा जिले के बतौली क्षेत्र के छात्र शिवम गुप्ता ने नीट परीक्षा में 720 में से 559 अंक प्राप्त कर एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे बतौली क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

शिवम, भंडारी प्रसाद गुप्ता एवं चंद्रकला गुप्ता के पौत्र तथा मनीष कुमार गुप्ता और शारदा गुप्ता के पुत्र हैं। उनके माता-पिता कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, बतौली में व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं।

शिवम ने बताया कि उनका लक्ष्य बचपन से ही डॉक्टर बनना था। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा शांति विद्या निकेतन, बतौली से प्राप्त की, जबकि कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई ओरिएंटल पब्लिक स्कूल, अंबिकापुर से पूरी की।

उन्होंने बताया कि 12वीं के दौरान पहली बार नीट परीक्षा देने पर उनका चयन डेंटल पाठ्यक्रम के लिए हो गया था। हालांकि उन्होंने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया और एमबीबीएस में प्रवेश पाने के उद्देश्य से दोबारा तैयारी की। इसके लिए उन्होंने कोटा (राजस्थान) में रहकर कोचिंग ली और इस वर्ष 559 अंक हासिल कर एमबीबीएस के लिए क्वालिफाई किया।

शिवम की सफलता पर परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


अन्य पोस्ट