सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर,19 जुलाई। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पुहपुटरा के आश्रित ग्राम चिलबिल पंडोपारा में सडक़ निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध-प्रदर्शन किया। वर्षों से जर्जर सडक़ और बरसात में कीचड़ से होने वाली परेशानी के विरोध में ग्रामीणों ने सडक़ पर ही धान की रोपाई कर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।
ग्रामीणों का कहना है कि अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र में आने वाले इस गांव में पिछले एक दशक से पक्की सडक़ की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। उनका आरोप है कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि सडक़ निर्माण का भरोसा देते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद वादे भुला दिए जाते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में सडक़ पूरी तरह कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
सबसे अधिक परेशानी बीमार मरीजों और गर्भवती महिलाओं को होती है, क्योंकि खराब सडक़ के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती। ऐसे में गंभीर मरीजों को करीब दो किलोमीटर तक खाट पर ले जाकर मुख्य सडक़ तक पहुंचाना पड़ता है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि चिलबिल पंडोपारा में विशेष पिछड़ी पंडो जनजाति के कई परिवार निवास करते हैं, लेकिन सडक़ के अलावा नाली और शुद्ध पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। उनका आरोप है कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सडक़ निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।