सरगुजा

हैंडपंप विवाद में पंचायत सचिव से मारपीट, उपसरपंच व भाई पर आरोप
18-Jul-2026 3:44 PM
हैंडपंप विवाद में पंचायत सचिव से मारपीट, उपसरपंच व भाई पर आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर,18 जुलाई। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र की कुन्नी पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम कराई में शासकीय हैंडपंप को लेकर हुए विवाद में पंचायत सचिव के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के उपसरपंच और उसके भाई ने पंचायत सचिव की लाठी-डंडों तथा हाथ-मुक्कों से पिटाई कर दी। घायल सचिव को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कराई के पंचायत सचिव शिवनारायण सिंह ने शुक्रवार सुबह करीब 8.30 बजे गांव के शासकीय हैंडपंप से पानी नहीं निकलने और उसकी मरम्मत कराने की बात कही थी। आरोप है कि उक्त हैंडपंप में उपसरपंच धर्म सिंह और उनके भाई बहादुर सिंह पिछले करीब तीन माह से बोर जोडक़र सिंचाई कार्य कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढऩे पर उपसरपंच धर्म सिंह और उनके भाई बहादुर सिंह ने पंचायत सचिव शिवनारायण सिंह के साथ लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। किसी तरह जान बचाकर सचिव वहां से अपने घर पहुंचे, जहां से परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि मारपीट में पंचायत सचिव का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया है तथा शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उनका उपचार डॉक्टरों की निगरानी में जारी है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। मामले की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। दोनों पक्षों के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।


अन्य पोस्ट