सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 17 जुलाई। नगर पालिक निगम अंबिकापुर द्वारा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थापना के लिए शुक्रवार को भूमिपूजन किया गया। यह प्रतिमा मनेन्द्रगढ़ रोड स्थित फॉरेस्ट बैरियर के समीप लगभग 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित की जाएगी। परियोजना के तहत प्रतिमा के साथ परिसर का सौंदर्यीकरण, गार्डनिंग तथा हाईमास्ट लाइट की भी व्यवस्था की जाएगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में महापौर श्रीमती मंजूषा भगत एवं भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। बताया गया कि प्रतिमा का निर्माण स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की तर्ज पर किया जाएगा, जिससे यह शहर का प्रमुख आकर्षण बनेगी।
कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य मनीष सिंह, जितेंद्र सोनी, ममता तिवारी, कमलेश तिवारी, मनोज कंसारी, भाजपा नेता विवेक दुबे, प्रियंका गुप्ता सहित पार्षद शैलेश सिंह, जे. कुजूर, अवधेश सोनकर, दीपक गर्ग, विकास सोनी, रविंद्र गुप्त भारती, शैलेन्द्र शर्मा, मधु चौधरी, प्रियंका चौबे, नीलम राजवाड़े, सरस्वती यादव तथा नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थापित होने से नई पीढ़ी को उनके व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान से प्रेरणा मिलेगी।
साथ ही यह स्थल शहर के सौंदर्यीकरण और पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण साबित होगा।