सरगुजा

चोरी, 6 संदिग्धों से पूछताछ
17-Jul-2026 4:33 PM
चोरी, 6 संदिग्धों से पूछताछ

7 तिरपाल, 50 लीटर डीजल व बैटरी जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर,17 जुलाई। लखनपुर पुलिस ने चोरी के एक मामले की जांच के दौरान छह संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके कब्जे से सात तिरपाल, 50 लीटर डीजल और एक बैटरी जब्त की है। जब्त सामान के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए सभी के विरुद्ध इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार 15 जुलाई को थाना लखनपुर की टीम ग्राम पुहपुटरा, चिलबिल और कटकोना क्षेत्र में जांच के लिए गई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पुहपुटरा के कुछ लोगों ने चोरी का तिरपाल, डीजल और बैटरी छिपाकर रखा है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम पुहपुटरा निवासी अरविंद पैकरा (23), फेकू राम (40), जितेंद्र कुमार (24), सरजू रजक (24), बुधन राजवाड़े (25) और मनोज राजवाड़े (24) से पूछताछ की। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से सात तिरपाल, 50 लीटर डीजल और एक बैटरी बरामद की गई।

पुलिस ने सभी से जब्त सामान के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन कोई भी व्यक्ति दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका। इसके बाद पुलिस ने संबंधित प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए जांच में सहयोग के लिए नोटिस जारी किया। साथ ही सभी के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें तहसीलदार लखनपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया।


अन्य पोस्ट