सरगुजा
जेडआरयूसीसी सदस्य मुकेश तिवारी बोले- नई ट्रेन से सरगुजा संभाग के यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,16 जुलाई। सरगुजा संभाग के यात्रियों की सुविधा को देखते हुए अंबिकापुर से रायपुर के बीच प्रतिदिन इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने की मांग उठी है। क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (जेडआरयूसीसी) के सदस्य मुकेश तिवारी ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक, बिलासपुर को पत्र भेजकर इस प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि अंबिकापुर और रायपुर के बीच प्रतिदिन सुबह सीधी इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन संचालित किए जाने से यात्रियों को कम समय में राजधानी तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। वर्तमान में इस मार्ग पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन सुविधाजनक समय पर सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं होने से विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों, अधिवक्ताओं, शासकीय कर्मचारियों एवं आम यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मुकेश तिवारी ने बताया कि अंबिकापुर सरगुजा संभाग का मुख्यालय होने के साथ ही सरगुजा, बलरामपुर और जशपुर जिलों का प्रमुख रेल केंद्र है। इसके बावजूद वर्तमान रेल सेवाएं यात्रियों की बढ़ती मांग के अनुरूप पर्याप्त नहीं हैं। रात्रिकालीन अंबिकापुर-दुर्ग एक्सप्रेस में भी आरक्षण की समस्या बनी रहती है। ज्ञापन में सुझाव दिया गया है कि इंटरसिटी एक्सप्रेस सुबह 4 बजे अंबिकापुर से रवाना होकर लगभग 11 बजे रायपुर पहुंचे तथा शाम 4 बजे रायपुर से चलकर रात 11 बजे अंबिकापुर पहुंचे। इससे यात्रियों को एक ही दिन में आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त प्लेटफॉर्म एवं पिट लाइन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिसके पूरा होने के बाद नई ट्रेन का संचालन तकनीकी और परिचालन की दृष्टि से पूरी तरह संभव होगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रस्ताव पर 26 मई 2025 को आयोजित 20वीं जेडआरयूसीसी बैठक में विचार किया गया था तथा 23 फरवरी 2026 को आयोजित 21वीं बैठक में इस पर आगे कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। मुकेश तिवारी ने कहा कि नई इंटरसिटी एक्सप्रेस शुरू होने से उत्तर छत्तीसगढ़ और रायपुर के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा, स्थानीय व्यापार और अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा तथा यात्रियों को किफायती और सुविधाजनक यात्रा का बेहतर विकल्प उपलब्ध होगा।
उन्होंने महाप्रबंधक से जनभावनाओं और बढ़ती यात्री मांग को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव को जल्द स्वीकृति देने की मांग की।