सरगुजा

सूदखोरी की प्रताडऩा ने ली जान, आरोपी गिरफ्तार
17-Jul-2026 4:18 PM
सूदखोरी की प्रताडऩा ने ली जान, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,17जुलाई। अंबिकापुर कोतवाली पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने एवं कर्जा एक्ट के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर अत्यधिक ब्याज पर रकम देकर मूलधन और ब्याज की वसूली के लिए लगातार धमकी व प्रताडि़त करने का आरोप है। मामले में घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना में दर्ज मर्ग की जांच के दौरान मृतक संदीप अग्रवाल के सुसाइड नोट, परिजनों एवं गवाहों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, बैंक लेनदेन और तकनीकी साक्ष्यों का परीक्षण किया गया।

 जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपी पंकज चौधरी के बीच कई बार पैसों का लेनदेन और फोन पर बातचीत हुई थी।

जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी पंकज चौधरी मृतक को अत्यधिक ब्याज पर रकम देने के बाद मूलधन और ब्याज की वसूली के लिए लगातार जान से मारने की धमकी देकर प्रताडि़त करता था। पुलिस के अनुसार मृतक ने इस संबंध में अपने सुसाइड नोट के अलावा अपने पिता और पत्नी को भी जानकारी दी थी।

जांच के आधार पर कोतवाली थाना में आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 108, 351(3) तथा कर्जा एक्ट की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश तथा नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने आरोपी पंकज चौधरी (50 वर्ष) राजेंद्र वार्ड, दर्रीपारा, अंबिकापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर लिया। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया,जहां से उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट