सरगुजा

कार्यमुक्त कर्मी का 7 माह तक वेतन आहरित करने का आरोप, कलेक्टर से जांच की मांग
15-Jul-2026 9:13 PM
कार्यमुक्त कर्मी का 7 माह तक वेतन आहरित करने का आरोप, कलेक्टर से जांच की मांग

सामाजिक कार्यकर्ता ने प्रभारी उपसंचालक पर वित्तीय अनियमितता के लगाए आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,15 जुलाई। पशुपालन विभाग सरगुजा में कार्यमुक्त किए जा चुके एक कर्मचारी का कई महीनों तक वेतन आहरित किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता परवेज आलम गांधी ने कलेक्टर सरगुजा को शिकायत सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में कहा गया है कि सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्राधिकारी शिव कुमार उपाध्याय का शासन द्वारा 30 जून 2025 को कृत्रिम गर्भाधान उपकेंद्र कंठी, जिला सरगुजा से पशु औषधालय कल्याणपुर, जिला सूरजपुर स्थानांतरण किया गया था। स्थानांतरण आदेश के पालन में प्रभारी उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं अंबिकापुर ने 3 जुलाई 2025 को जारी कार्यालयीन आदेश के माध्यम से उन्हें कार्यमुक्त कर दिया था। इसके बाद 18 जुलाई 2025 को संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं को भी इसकी सूचना भेजी गई थी।

परवेज आलम गांधी का आरोप है कि कार्यमुक्त किए जाने के बाद भी नियमानुसार शिव कुमार उपाध्याय का वेतन सरगुजा जिले से आहरित नहीं किया जाना चाहिए था, लेकिन इसके बावजूद जुलाई 2025 से जनवरी 2026 तक लगातार उनका वेतन आहरित किया गया। शिकायत में प्रभारी उपसंचालक पर आहरण एवं संवितरण अधिकारों के दुरुपयोग तथा वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि इस मामले में संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं को गलत जानकारी देकर गुमराह किया गया। उन्होंने इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता और शासकीय राशि के गबन का मामला बताते हुए इसकी विस्तृत जांच कराने की मांग की है।

परवेज आलम गांधी ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो अवैध रूप से आहरित वेतन की वसूली संबंधित अधिकारी से की जाए तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर प्रशासनिक एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


अन्य पोस्ट