सरगुजा

बाल संप्रेक्षण गृह से भागे 13 में 5 पकड़ाए
15-Jul-2026 6:07 PM
बाल संप्रेक्षण गृह से भागे 13 में 5 पकड़ाए

8 की तलाश में पुलिस की सघन घेराबंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 15 जुलाई। सरगुजा जिला के अंबिकापुर गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्या परिसर रोड स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से मंगलवार रात फरार हुए 13 अपचारी बालकों में से पुलिस ने कोरिया और बलरामपुर जिला से अब तक 5 को पकड़ लिया है, जबकि 8 अन्य की तलाश तेज कर दी गई है। फरार बालकों की खोजबीन के लिए सरगुजा, बलरामपुर और कोरिया जिले की पुलिस संयुक्त रूप से अभियान चला रही है।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 8 से 8.30 बजे के बीच भोजन करने के बाद अपचारी बालकों ने परिसर के पुराने एवं जर्जर दरवाजे को तोडक़र फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं तथा जिलेभर में नाकाबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया गया। सूत्रों के मुताबिक फरार 13 अपचारी बालकों में से 5 को पकड़ लिया गया है।

 इनमें 3 बालकों को बलरामपुर जिले के राजपुर और बलरामपुर थाना क्षेत्र से, जबकि 2 को कोरिया जिले के चरचा थाना क्षेत्र से पकड़ा गया है। शेष 8 अपचारी बालकों की तलाश लगातार जारी है। पुलिस के अनुसार, फरार हुए बालकों पर हत्या, रेप, लूट और चोरी जैसे गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पूरी फरारी की साजिश का नेतृत्व उसी अपचारी ने किया, जो 23 जून को हुई पहली फरारी की घटना में भी शामिल था।

गौरतलब है कि 22 दिनों के अंदर बाल संप्रेक्षण गृह से सामूहिक फरारी की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 23 जून को 11 अपचारी बालक खिडक़ी तोडक़र भाग निकले थे, जिन्हें बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि फरार अपचारी बालकों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है तथा शेष बालकों को भी जल्द पकड़ लेने की उम्मीद जताई गई है।


अन्य पोस्ट