सरगुजा
केशकाल, 14 जुलाई। वनमंडल केशकाल के तत्वावधान में मंगलवार को डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, होनावंडी में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत भव्य पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में फलदार एवं सजावटी पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
पौधरोपण के उपरांत मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का माध्यम ही नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन, जैव विविधता तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों की देखभाल करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत होनावंडी के सरपंच प्रतिनिधि मनबोध नेताम, वन परिक्षेत्र अधिकारी बड़ेराजपुर मिर्जा फिरोज बेग, विद्यालय के शिक्षकगण, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।