सरगुजा

राजमाता देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव की 93वीं जयंती पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, टी.एस. सिंहदेव रहे मौजूद
13-Jul-2026 9:42 PM
राजमाता देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव की 93वीं जयंती पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, टी.एस. सिंहदेव रहे मौजूद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 13 जुलाई। राजमाता स्व. श्रीमती देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव की 93वीं जयंती सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा द्वारा श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उनके ज्येष्ठ पुत्र एवं प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री तथा सरगुजा राजपरिवार के महाराज टी.एस. सिंहदेव विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम से पूर्व प्रतीक्षा बस स्टैंड चौक स्थित पूर्व महाराज स्व. एम.एस. सिंहदेव एवं राजमाता स्व. देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव की युगल प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद मां महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना की गई तथा भंडारे का आयोजन किया गया।

वक्ताओं ने राजमाता स्व. देवेन्द्र कुमारी सिंहदेव के राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जन्म 13 जुलाई 1933 को हिमाचल प्रदेश के जुब्बल राजपरिवार में हुआ था। अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव एवं सरगुजा महाराज स्व. एम.एस. सिंहदेव से विवाह के बाद वे सरगुजा आईं और यहीं से उन्होंने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की।

राजमाता कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री रहीं। वे एक बार अंबिकापुर और एक बार बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुईं। अविभाजित मध्यप्रदेश में प्रकाशचंद्र सेठी एवं अर्जुन सिंह के मंत्रिमंडल में उन्होंने आवास, पर्यावरण, मध्यम सिंचाई तथा वित्त जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। वे सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष भी रहीं। सत्तर और अस्सी के दशक में उन्होंने जिले के दूरस्थ क्षेत्रों का लगातार दौरा कर कांग्रेस संगठन को मजबूत आधार प्रदान किया।

कार्यक्रम में डॉ. प्रेमसाय सिंह, जे.पी. श्रीवास्तव, शफी अहमद, राकेश गुप्ता, हेमंत सिन्हा, संजय विश्वकर्मा, मोहम्मद इस्लाम, विनय शर्मा, इंद्रजीत सिंह धंजल, जगन्नाथ कुशवाहा, दुर्गेश गुप्ता, मदन जायसवाल, शैलेंद्र प्रताप सिंह, फूलसाय लकड़ा, संजय सिंह, अनूप मेहता, लोकेश कुमार, आलोक सिंह, मेराज रंगरेज, जीवन यादव, विनोद एक्का, चंद्रप्रकाश सिंह, सोहन जायसवाल, सतीश बारी, बालकेश्वर तिर्की, कलीम अंसारी, आशीष जायसवाल, सरिता महंत, अविनाश कुमार, काजू खान, निखिल विश्वकर्मा, आलोक गुप्ता, रोशन कन्नौजिया, अंकित जायसवाल, वसीम अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट