सरगुजा

एएसएफ वैक्सीन का ट्रायल जारी, वैज्ञानिकों ने लिये सैंपल
13-Jul-2026 9:42 PM
एएसएफ वैक्सीन का ट्रायल जारी, वैज्ञानिकों ने लिये सैंपल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 13 जुलाई। शासकीय सुकर फार्म, सकलो (अंबिकापुर) में अफ्रीकन स्वाइन फीवर (एएसएफ) वैक्सीन का ट्रायल मार्च से जारी है। इस ट्रायल का संचालन पशुपालन विभाग के निर्देशन में किया जा रहा है, जबकि वैक्सीन का विकास एवं परीक्षण नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज (एनआईएचएसएडी), भोपाल के वैज्ञानिकों द्वारा किया जा रहा है।

फार्म प्रबंधक डॉ. अजय अग्रवाल ने बताया कि वैक्सीन ट्रायल की शुरुआत मार्च में की गई थी। ट्रायल की प्रगति का निरीक्षण एवं मूल्यांकन करने के लिए एनआईएचएसएडी, भोपाल के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. राजू कुमार 8 जुलाई को सकलो स्थित शासकीय सुकर फार्म पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ट्रायल की समीक्षा की तथा सूकरों के ब्लड, सीरम और नेजल सैंपल एकत्रित किए।

विशेषज्ञों के अनुसार अफ्रीकन स्वाइन फीवर सूकरों में होने वाला अत्यंत घातक वायरल रोग है, जो घरेलू एवं जंगली दोनों प्रकार के सूकरों को प्रभावित करता है। इस बीमारी में मृत्यु दर बहुत अधिक होती है और वर्तमान में इसका कोई प्रभावी उपचार उपलब्ध नहीं है। संक्रमित पशुओं को केवल लक्षणों के आधार पर सहायक उपचार दिया जा सकता है, जिससे रोग का पूर्ण नियंत्रण संभव नहीं हो पाता।

पशुपालन विभाग के अधिकारियों के अनुसार भारत में अफ्रीकन स्वाइन फीवर वैक्सीन का यह पहला ट्रायल है।

वर्तमान में भारत सहित दुनिया के अधिकांश देशों में इस बीमारी के लिए कोई पूर्ण रूप से स्वीकृत व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं है।

शासकीय सुकर फार्म के वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सी.के. मिश्रा ने बताया कि सकलो स्थित फार्म में वैक्सीन का ट्रायल वैज्ञानिक मानकों एवं जैव-सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन करते हुए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि यह ट्रायल सफल रहता है तो भविष्य में यह वैक्सीन भारत सहित विश्वभर के सूकर पालकों के लिए लाभकारी साबित होगी और अफ्रीकन स्वाइन फीवर से होने वाली भारी आर्थिक क्षति को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


अन्य पोस्ट