सरगुजा

विवाहिता की खुदकुशी, निष्पक्ष जांच की मांग
13-Jul-2026 9:40 PM
विवाहिता की खुदकुशी, निष्पक्ष जांच की मांग

मायके पक्ष ने लगाया दहेज प्रताडऩा का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,13 जुलाई। सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के कुनिया गांव में 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताडऩा का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मिनी यादव का विवाह चार वर्ष पूर्व कुनिया निवासी अनुज यादव से हुआ था। दंपती की 18 माह की एक पुत्री है। शनिवार शाम पति अपनी बेटी को लेकर किराना दुकान गया था। इसी दौरान घर में अकेली मौजूद मिनी ने कमरे में फांसी लगा ली। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमलेश्वरपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे और कमलेश्वरपुर में पोस्टमार्टम कराने का विरोध करते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने की मांग की। सोमवार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मृतका के पिता संजय यादव ने आरोप लगाया कि विवाह के बाद से उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताडि़त किया जाता था। उनका कहना है कि तिलक में बुलेट मोटरसाइकिल देने के बावजूद बाद में कार की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर बेटी के साथ मारपीट की जाती थी। उन्होंने शव पर चोट के निशान होने का भी दावा किया और पति, सास, ससुर तथा ननद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, ससुराल पक्ष ने दहेज प्रताडऩा के आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि हाल ही में खरीदा गया मोबाइल फोन पानी में भीग जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था और घटना का दहेज से कोई संबंध नहीं है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ने बताया कि कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई की गई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट