सरगुजा

बिजली कटौती के विरोध में ग्रामीणों ने निकाली रैली, एसडीएम को ज्ञापन
13-Jul-2026 9:39 PM
 बिजली कटौती के विरोध में ग्रामीणों ने निकाली रैली, एसडीएम को ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उदयपुर, 13 जुलाई। विकासखंड उदयपुर के अदानी प्रभावित ग्राम पंचायतों साल्ही, परसा, घाटबर्रा, फतेहपुर, पेडरीखी, चकेरी, खुझी, बकोई, बासेन, पुटा, रामनगर एवं लक्ष्मणगढ़ के ग्रामीणों ने लगातार हो रही बिजली कटौती, खराब डिजिटल मीटर तथा कथित अवैध वसूली के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया और रैली निकाली।

रैली का नेतृत्व पूर्व सरपंच साल्ही विजय सिंह कोराम, पूर्व जिला अध्यक्ष गोंडवाना नवल सिंह वरकड़े, जनपद सदस्य श्रवण सिंह वरकड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया। प्रदर्शन में जिला पंचायत सदस्य रैमूनिया करियम, सरपंच संघ अध्यक्ष उदयपुर प्रदीप सिंह मरकाम, रामनगर सरपंच प्रदीप सिंह मरकाम, पुटा सरपंच नंदा राम, बासेन सरपंच श्रीपाल सिंह, मोहेलाल सिंह, मनोहर सिंह, महेश सिंह, नागेश्वर यादव, उपसरपंच कृपाशंकर यादव, ग्राम पंचायत परसा के रामजीत आरमोर सहित लगभग 40 से 50 ग्रामीण उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह देव ने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता के मीटर में खराबी है तो विभाग तत्काल उसकी जांच कर दोषपूर्ण मीटर बदले, ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

ग्रामीण क्षेत्र होने तथा लगातार बारिश के कारण बार-बार बिजली बाधित होने से नाराज ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि दोपहर लगभग 2.50 बजे कबीर चौक, उदयपुर में एकत्र हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए रैली निकाली गई, जो बिजली कार्यालय उदयपुर पहुंची। प्रदर्शन को देखते हुए बिजली कार्यालय में पुलिस बल तैनात रहा तथा कार्यालय का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया।

इस दौरान एसडीएम उदयपुर रामराज सिंह एवं बिजली विभाग के स्टेशन प्रभारी राजेंद्र राजवाड़े मौके पर उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने बिजली कटौती बंद करो, बार-बार बिजली बंद करना बंद करो जैसे नारे लगाए। ग्रामीणों का आरोप था कि कई स्थानों पर खराब डिजिटल मीटर लगाए गए हैं, जिससे गलत बिजली बिल जारी हो रहे हैं तथा उपभोक्ताओं से कथित रूप से अवैध वसूली की जा रही है।

करीब 3.30 बजे एसडीएम को ज्ञापन सौंपने के बाद अधिकारियों द्वारा समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिए जाने पर प्रदर्शन समाप्त हुआ और ग्रामीण शांतिपूर्वक लौट गए।

ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तथा लगातार हो रही बिजली कटौती पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।


अन्य पोस्ट