सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 12 जुलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर जिला शाखा सरगुजा ने छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन के साथ संयुक्त रूप से सोमवार को पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल तथा सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज को मुख्यमंत्री के नाम छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रधानमंत्री की गारंटी के अनुरूप कर्मचारियों और पेंशनरों से जुड़े लंबित वादों को शीघ्र लागू करने की मांग की गई।
ज्ञापन में पेंशनरों को केंद्र सरकार के समान देय तिथि से महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत प्रदान करने, संविदा, दैनिक वेतनभोगी एवं अनियमित कर्मचारियों का रिक्त पदों पर समायोजन एवं नियमितीकरण कर सेवा सुरक्षा देने, अनुकंपा नियुक्ति में 10 प्रतिशत की सीमा समाप्त करने, कर्मचारियों एवं पेंशनरों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने, मध्यप्रदेश शासन की तर्ज पर 240 दिनों के स्थान पर 300 दिनों का अवकाश नगदीकरण तथा पेंशनर्स एसोसिएशन की सात सूत्रीय मांगों सहित अन्य लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री एवं सांसद से मुलाकात कर कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने ज्ञापन में शामिल मांगों पर गंभीरता से विचार कर शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश महामंत्री आनंद सिंह यादव, पेंशनर्स एसोसिएशन के संभागीय अध्यक्ष रंजीत सारथी, कार्यवाहक संभागीय अध्यक्ष राजेश्वर सिंह, संभागीय अध्यक्ष (आईटीआई) राजेश सोनी, जिला अध्यक्ष संजय यादव, अमित सिंह, मीना तिग्गा, कोषाध्यक्ष सुधीर राणा, ब्लॉक अध्यक्ष बृजेश मिश्रा, सुनील सिंह, उपस्थित रहे।