सरगुजा

अपराध नियंत्रण के लिए सत्यापन अभियान पूरे शहर में समान रूप से चलाया जाए-परवेज आलम
11-Jul-2026 8:50 PM
अपराध नियंत्रण के लिए सत्यापन अभियान पूरे शहर में समान रूप से चलाया जाए-परवेज आलम

अंबिकापुर, 11 जुलाई। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज़ आलम गांधी ने अंबिकापुर पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण एवं बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के लिए चलाए जा रहे अभियान का स्वागत करते हुए इसे पूरे शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से संचालित करने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई, किरायेदारों एवं बाहरी व्यक्तियों का नियमित सत्यापन तथा थानों में मुसाफिरी दर्ज कराने की प्रभावी व्यवस्था शहर की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है। उनके अनुसार दूसरे जिले, राज्य अथवा देश से आकर रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सत्यापन होना चाहिए तथा उनकी जानकारी स्थानीय पुलिस के पास उपलब्ध रहनी चाहिए।

परवेज़ गांधी ने कहा कि झारखंड के हत्या के आरोपी साबिर अली के लंबे समय तक अंबिकापुर में छिपे रहने और बाद में फरार होने की घटना ने पुलिस के सूचना एवं संपर्क तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता को उजागर किया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय और समय पर सूचना का आदान-प्रदान ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए जरूरी है।

उन्होंने शहर की सभी प्रमुख प्रवेश सीमाओं पर नियमित वाहन जांच और निगरानी बढ़ाने की भी मांग की। साथ ही कहा कि सत्यापन अभियान किसी एक वार्ड, मोहल्ले या क्षेत्र तक सीमित न रहकर पूरे अंबिकापुर शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से चलाया जाना चाहिए।

 

परवेज़ गांधी ने प्रत्येक वार्ड में पुलिस मित्र व्यवस्था को सक्रिय और प्रभावी बनाने का सुझाव देते हुए कहा कि स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से बाहरी व्यक्तियों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी समय पर पुलिस तक पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं समन्वय जितना मजबूत होगा, अपराध नियंत्रण भी उतना ही प्रभावी होगा।


अन्य पोस्ट