सरगुजा
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य की भी मिली जिम्मेदारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 11 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ ने सुरेन्द्र साहू को भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ का प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं सरगुजा संभाग प्रभारी नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी डॉ. नवीन मार्कंडेय, प्रदेश संयोजक (भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ) दिनेश सिंह तथा सरगुजा जिला भाजपा अध्यक्ष भारत सिंह सिसौदिया की अनुशंसा पर की गई।
नियुक्ति के बाद सुरेन्द्र साहू ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए गौरव के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ संगठन को मजबूत बनाने तथा एनजीओ प्रकोष्ठ के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, सहयोग और विकास की भावना पहुंचाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की जनहितैषी नीतियों एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए कार्य किया जाएगा।
सुरेन्द्र साहू ने बताया कि जल्द ही सरगुजा संभाग के सभी जिलों का प्रवास कर भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सुरेन्द्र साहू लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों से जुड़े हुए हैं।
वे पूर्व में बजरंग दल सरगुजा विभाग के विभाग संयोजक, विश्व हिंदू परिषद के संगठन मंत्री, भाजपा मंडल महामंत्री तथा एल्डरमैन की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें यूनिसेफ, कैलाश सत्यार्थी फाउंडेशन सहित कई संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
सुरेन्द्र साहू की नियुक्ति पर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।