सरगुजा

तेज रफ्तार 2 बाइकें भिड़ीं, 3 युवकों की मौत
11-Jul-2026 7:12 PM
तेज रफ्तार 2 बाइकें भिड़ीं, 3 युवकों की मौत

मैनपाट घूमकर लौट रहे थे

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अंबिकापुर/मैनपाट, 11 जुलाई।
सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नर्मदापुर-बिजलहवा मुख्य मार्ग पर दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे, जिससे तीनों को गंभीर चोटें आईं।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब आठ बजे दो बाइकें तेज गति से विपरीत दिशा से आ रही थीं। इसी दौरान दोनों बाइक अनियंत्रित होकर सीधे टकरा गईं। हादसे में लुंड्रा निवासी अर्जुन लोहार तथा सीतापुर के ग्राम कोट निवासी गुड्डू राम की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल विफल कुमार माझी  को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

परिजनों ने बताया कि विफल कुमार माझी अपने मित्र गुड्डू राम के साथ शुक्रवार को मैनपाट घूमने गया था। दोनों देर शाम अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार अर्जुन लोहार अपने ससुराल नर्मदापुर जा रहा था। बताया जा रहा है कि उसकी शादी करीब एक वर्ष पहले ही हुई थी।

घटना की सूचना मिलते ही कमलेश्वरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के समय मौसम पूरी तरह साफ था तथा सड़क पर धुंध या अन्य कोई बाधा नहीं थी। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण दोनों बाइकों की तेज रफ्तार और वाहन चालकों का नियंत्रण खो देना माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक ही घटना में तीन युवकों की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

ट्रक ने दंपती को कुचला, पत्नी की मौत
एक अन्य हादसे में नेशनल हाईवे 43 में ट्रक ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार देवरी निवास रीता एक्का (48 वर्ष) की मौत हो गई, वहीं उसका पति सुखन एक्का गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों किसी काम से सीतापुर गए थे और शाम को वापस लौट रहे थे। सेदम बाजार के पास उन्हें पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाले ट्रक का पता नहीं चला है।

 


अन्य पोस्ट