सरगुजा
घड़ी चौक पर प्रदर्शन, भाजपा पर विपक्ष को निशाना बनाने का लगाया आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 10 जुलाई। कांग्रेस नेताओं पर कथित रूप से जांच एजेंसियों के दुरुपयोग और राजनीतिक प्रताडऩा के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने शुक्रवार को घड़ी चौक पर प्रधानमंत्री एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
जिला कांग्रेस कमेटी के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में यह विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाकर प्रताडि़त कर रही है। प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उनके परिवार, पूर्व मंत्री कवासी लखमा और विधायक देवेंद्र यादव सहित अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ की जा रही कार्रवाई का भी विरोध जताया गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष को कमजोर करने के उद्देश्य से जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई नहीं की जाती, जबकि विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जाता है।
बारिश के बीच आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया। कांग्रेस का दावा है कि पुलिस ने पुतला दहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ताओं ने विरोध जारी रखा।
प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जे.पी. श्रीवास्तव, शफी अहमद, द्वितेंद्र मिश्रा, हेमंत सिन्हा, मोहम्मद इस्लाम, रामविनय सिंह, प्रशांत सिंह ‘चीकू’, इंद्रजीत सिंह धंजल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।