सरगुजा

आयुष्मान योजना में पंजीयन नहीं, फिर भी भर्ती के आरोप, एनएच गोयल अस्पताल की जांच तेज
09-Jul-2026 9:28 PM
आयुष्मान योजना में पंजीयन नहीं, फिर भी भर्ती के आरोप, एनएच गोयल अस्पताल की जांच तेज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 9 जुलाई। शहर के एनएच गोयल हॉस्पिटल को लेकर आयुष्मान भारत योजना से जुड़ा एक मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग की प्रारंभिक जांच में अस्पताल का आयुष्मान भारत योजना में पंजीयन नहीं होने की जानकारी मिली है। इसके बावजूद अस्पताल पर आयुष्मान योजना के नाम पर मरीजों को भर्ती करने और कथित अनियमितता के आरोप लगे हैं। मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने बताया कि शिकायत मिलने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को जांच के निर्देश दिए गए थे। 6 जुलाई को प्राप्त प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में अस्पताल का आयुष्मान भारत योजना में पंजीयन नहीं होने की जानकारी सामने आई है।

उन्होंने कहा कि अब यह जांच की जाएगी कि यदि अस्पताल योजना में पंजीकृत नहीं था तो आयुष्मान योजना के तहत मरीजों की भर्ती किस आधार पर की गई। साथ ही यह भी जांच का विषय होगा कि क्या योजना के नाम पर किसी प्रकार की राशि निकाली गई या मरीजों से अवैध वसूली की गई।

डॉ. शुक्ला ने बताया कि इस संबंध में जिला कलेक्टर को भी पत्र भेजा जा रहा है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने सहित नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिले के सभी निजी अस्पतालों को आयुष्मान योजना के नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी है।

वहीं आरटीआई कार्यकर्ता डॉ. डी.के. सोनी ने दावा किया कि उनके पास कई ग्रामीणों की शिकायतें आई थीं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उनका इलाज एनएच गोयल हॉस्पिटल में किया गया तथा उनके आयुष्मान कार्ड से राशि निकाली गई, लेकिन उन्हें न तो मेडिकल रिपोर्ट दी गई और न ही उपचार का बिल उपलब्ध कराया गया।

डॉ. सोनी ने बताया कि इन्हीं शिकायतों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग से जांच की मांग की गई थी। प्रारंभिक जांच में अस्पताल का आयुष्मान योजना में पंजीयन नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद वे संबंधित अस्पताल संचालकों एवं अन्य जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं।

वहीं, बलरामपुर जिले के जनपद पंचायत राजपुर अंतर्गत ग्राम कोदौरा के कुछ ग्रामीणों ने भी आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति उन्हें मुफ्त इलाज का भरोसा देकर एनएच गोयल हॉस्पिटल ले जाता था। ग्रामीणों का दावा है कि इलाज के बाद उन्हें न तो मेडिकल रिपोर्ट दी गई और न ही उपचार का बिल उपलब्ध कराया गया। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव के कई लोगों के आयुष्मान कार्ड का उपयोग किया गया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और इनकी जांच जारी है।

 वहीं इस मामले में ‘छत्तीसगढ़’ ने एनएच गोयल हॉस्पिटल प्रबंधन का पक्ष लेने मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, पर उन्होंने फोन नहीं उठाया।


अन्य पोस्ट