सरगुजा

प्राचीन माता नाथल देवी मंदिर का होगा जीर्णोद्धार, निर्माण समिति गठित
09-Jul-2026 9:22 PM
प्राचीन माता नाथल देवी मंदिर का होगा जीर्णोद्धार, निर्माण समिति गठित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 9 जुलाई। ग्राम बेनीपुर, पंचायत रनपुर खुर्द स्थित प्राचीन आस्था केंद्र माता नाथल देवी मंदिर के जीर्णोद्धार एवं भव्य निर्माण के लिए माता नाथल देवी मंदिर निर्माण एवं जीर्णोद्धार समिति का गठन किया गया है। समिति के संरक्षण में मंदिर के संरक्षण, विकास और सौंदर्यीकरण का कार्य जनसहयोग एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से किया जाएगा।

समिति के संरक्षक जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया एवं जितेंद्र सिंह (सोनपुर) बनाए गए हैं। गौटिया अर्जुन पटेल को समिति का अध्यक्ष, सतीष यादव को उपाध्यक्ष तथा हरिशंकर को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति में क्षेत्र के अनेक सामाजिक एवं ग्रामीण प्रतिनिधियों को सदस्य बनाया गया है।

समिति अध्यक्ष गौटिया अर्जुन पटेल ने बताया कि माता नाथल देवी मंदिर क्षेत्र की प्राचीन धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। स्थानीय मान्यता के अनुसार चैत्र एवं शारदीय नवरात्र में मां महामाया की पूजा-अर्चना माता नाथल देवी स्थल से चुनरी प्रस्थान के बाद ही पूर्ण मानी जाती है। मंदिर में आज भी बैगा परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना की जाती है तथा धार्मिक अनुष्ठानों में माता नाथल देवी का विशेष महत्व है।

उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर के विकास के लिए पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल द्वारा पांच लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से मंदिर परिसर के विकास और आवश्यक निर्माण कार्य किए जाएंगे।

अर्जुन पटेल ने कहा कि बेनीपुर धार्मिक सद्भाव और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक गांव है। मंदिर के प्राचीन अवशेष आज भी मौजूद हैं तथा वर्षों से श्रद्धालु यहां दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते रहे हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ जनों के मार्गदर्शन, जनप्रतिनिधियों के सहयोग और जनभागीदारी से इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल का जीर्णोद्धार कर इसे सुव्यवस्थित एवं आकर्षक धार्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।


अन्य पोस्ट