सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 8 जुलाई। सरगुजा जिला के विकासखंड लखनपुर के ग्राम सकरिया में घर में प्रसव के दौरान विशेष पिछड़ी जनजाति (मझवार) की एक गर्भवती महिला और उसके नवजात की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सकरिया निवासी सुखनी मझवार के पति दिनेश मझवार तमिलनाडु में कार्यरत थे और 14 जून को घर लौटे थे। उस समय सुखनी लगभग आठ माह की गर्भवती थी। 21 जून को वह जांच के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुन्नी पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसके शरीर में खून की कमी (एनीमिया) और उच्च रक्तचाप की समस्या बताई। उसे आयरन एवं अन्य आवश्यक उपचार लेने तथा बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किए जाने की सलाह दी गई थी।
बताया गया कि गांव की मितानिन और स्वास्थ्य कार्यकर्ता ने भी महिला को संस्थागत प्रसव कराने के लिए अस्पताल जाने की सलाह दी थी। हालांकि परिजनों के अनुसार महिला ने घर पर ही प्रसव कराने की इच्छा जताई।
6 जुलाई को प्रसव पीड़ा बढऩे पर पारंपरिक दाई की सहायता से घर में प्रसव कराया गया, जिसके दौरान महिला और नवजात दोनों की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि लगातार बारिश और परिस्थितियों के कारण समय पर अस्पताल नहीं पहुंचा जा सका।
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा एवं अन्य औपचारिक कार्रवाई की गई।
फिलहाल मामले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।