सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 8 जुलाई। सरगुजा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-343 (अंबिकापुर-रायगढ़ मार्ग) पर सोमवार रात हुए भीषण सडक़ हादसे में पुलिस लाइन में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल की मौत हो गई। तेज रफ्तार राजधानी यात्री बस की टक्कर से उनकी बाइक बस के अगले हिस्से में फंस गई और वे कई मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे में बस में सवार कुछ यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के लुचकी घाट के समीप सोमवार रात करीब 8 बजे अंबिकापुर की ओर जा रही राजधानी बस ने बाइक सवार हेड कॉन्स्टेबल श्रीराम लकड़ा को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बस के अगले हिस्से में फंस गई और हेड कॉन्स्टेबल कई मीटर तक सडक़ पर घिसटते रहे। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद बस चालक वाहन छोडक़र फरार हो गया। दुर्घटना के दौरान बस में बैठे कुछ यात्रियों को भी हल्की चोटें आईं। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल भिजवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
बताया गया कि श्रीराम लकड़ा अंबिकापुर पुलिस लाइन में पदस्थ थे तथा गांधीनगर थाना परिसर के पीछे स्थित पुलिस क्वार्टर में परिवार के साथ रहते थे। परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे वे ड्यूटी पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने और मोबाइल फोन रिसीव नहीं करने पर परिवार को लगा कि वे किसी सरकारी कार्य में व्यस्त होंगे। मंगलवार सुबह पड़ोस में रहने वाले एक आरक्षक ने हादसे की सूचना दी, जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। उनका पैतृक निवास बतौली क्षेत्र में रायगढ़ मार्ग पर स्थित बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, अब तक घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि हेड कॉन्स्टेबल बतौली की ओर जा रहे थे या वहां से लौट रहे थे।
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना सडक़ के दाहिने हिस्से में होना सामने आया है। आशंका जताई जा रही है कि ओवरटेक करने के दौरान यह हादसा हुआ होगा। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।