सरगुजा
आयुष्मान कार्ड ब्लॉक बताकर परिजनों से वसूले 1.60 लाख, फिर कार्ड से भी लिया भुगतान
अंबिकापुर, 7 जुलाई। शहर के गुदरी चौक स्थित लक्ष्मी नारायण हॉस्पिटल प्रबंधन के खिलाफ आयुष्मान भारत योजना के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि अस्पताल ने मरीज के परिजनों को आयुष्मान कार्ड ब्लॉक होने की जानकारी देकर इलाज के लिए 1 लाख 60 हजार रुपए नकद जमा करा लिए, जबकि बाद में उसी मरीज के आयुष्मान कार्ड से भी 1 लाख 50 हजार 460 रुपए का क्लेम प्राप्त कर लिया। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र के गिरवानी निवासी विवेक जायसवाल ने शिकायत में बताया कि 17 अप्रैल 2026 को उन्होंने अपने बड़े पिता राजेन्द्र प्रसाद जायसवाल को उपचार के लिए लक्ष्मी नारायण हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। अस्पताल प्रबंधन ने प्रारंभ में आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज किए जाने की बात कही थी।
शिकायत के मुताबिक, जांच के दौरान चिकित्सकों ने हृदय की धमनियों में ब्लॉकेज बताते हुए एंजियोप्लास्टी कर तीन स्टेंट लगाने की आवश्यकता बताई। इसी बीच अस्पताल प्रबंधन ने आयुष्मान कार्ड जमा कराने के बाद उसे ब्लॉक होने की बात कहकर इलाज का पूरा खर्च नकद जमा कराने को कहा।
मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजनों ने दवाइयों सहित कुल 1 लाख 60 हजार रुपए अस्पताल में जमा कर दिए।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में आयुष्मान कार्ड की जानकारी निकलवाने पर पता चला कि अस्पताल ने उसी कार्ड से 1 लाख 50 हजार 460 रुपए का क्लेम भी प्राप्त कर लिया है। इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन से जानकारी लेने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।