सरगुजा

जूनियर ओपन बास्केटबॉल चैंपियनशिप का समापन, बालक-बालिका दोनों वर्गों में सरगुजा बास्केटबॉल क्लब बना चैंपियन
06-Jul-2026 10:49 PM
जूनियर ओपन बास्केटबॉल चैंपियनशिप का समापन, बालक-बालिका दोनों वर्गों में सरगुजा बास्केटबॉल क्लब बना चैंपियन

तीन दिनी स्पर्धा में 12 टीमों ने दिखाया दमखम, सांसद चिंतामणि महाराज ने विजेताओं को किया सम्मानित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 6 जुलाई। गांधी स्टेडियम स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड में सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय जूनियर ओपन बास्केटबॉल चैंपियनशिप-2026 का रविवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं क्लबों की बालक और बालिका वर्ग की कुल 12 टीमों ने हिस्सा लेकर उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि सांसद चिंतामणि महाराज रहे। विशिष्ट अतिथियों में महापौर मंजूषा भगत, अभिषेक शर्मा, सत्येंद्र नारायण सिंह, निशांत सिंह गोल्डी तथा बलिंदर सिंह छाबड़ा शामिल रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाडिय़ों को ट्रॉफी, मेडल और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता के बालक वर्ग में सरगुजा बास्केटबॉल क्लब ने प्रथम, सरगुजा टाइगर्स ने द्वितीय और मॉन्टफोर्ट स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में भी सरगुजा बास्केटबॉल क्लब ने पहला स्थान हासिल किया। सरगुजा टाइटंस उपविजेता और माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल तीसरे स्थान पर रहा।

राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि नियमित प्रतियोगिताएं खिलाडिय़ों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल उपलब्ध कराती हैं, जिससे उनके खेल कौशल, आत्मविश्वास और मानसिक क्षमता का विकास होता है। उन्होंने बताया कि सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ खिलाडिय़ों को बेहतर प्रशिक्षण देकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में रजत सिंह, सुनैना जायसवाल, आकाश गुप्ता, बबीता तिग्गा, अनुपमा तिर्की, प्रिया जायसवाल, खुशबू गुप्ता, प्रज्ञा मिश्रा, दीपेश सिंह, रिमझिम और अभिषेक ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

समापन समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक, खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट