सरगुजा
थानों, चौकियों और पुलिस लाइन में लगाए फलदार व छायादार पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 जुलाई। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर सरगुजा पुलिस ने जिलेभर में ‘एकता वृक्ष अभियान’ के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। अभियान के तहत सभी थाना-चौकी परिसरों और पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने विभिन्न प्रजातियों के फलदार और छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक एकता का संदेश दिया।
पुलिस के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत रविवार को एक साथ जिलेभर में व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया।
अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना, प्रदूषण नियंत्रण में जनभागीदारी बढ़ाना तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं एकता के संबंधों को और मजबूत करना रहा।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने आम नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण और पौधों का संरक्षण जलवायु परिवर्तन तथा ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने का प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुए। सभी ने लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया।