सरगुजा

सडक़ हादसे में युवक की मौत
05-Jul-2026 9:29 PM
सडक़ हादसे में युवक की मौत

वाहन चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 5 जुलाई। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर रेणुका नदी स्थित राजवाड़े ढाबा के समीप शनिवार रात हुए भीषण सडक़ हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मार्शल वाहन का चालक वाहन छोडक़र फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार मार्शल वाहन ने सामने से आ रही अपाचे बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और शव को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उसे शवगृह में रखवाया गया। रविवार सुबह मृतक की पहचान मनोज गोंड (पिता- भीम गोंड), निवासी ग्राम रनहत, प्रतापपुर के रूप में हुई। सूचना मिलने पर परिजन लखनपुर थाना पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई।

प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि मार्शल वाहन में सवार लोग शराब के नशे में थे। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस ने मार्शल और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट