सरगुजा

चोरी-हत्या का फरार वारंटी गिरफ्तार
05-Jul-2026 9:27 PM
चोरी-हत्या का फरार वारंटी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 5 जुलाई। सरगुजा जिले की सीतापुर पुलिस ने चोरी और हत्या से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। आरोपी के खिलाफ एक मामले में गिरफ्तारी वारंट और दूसरे मामले में स्थायी वारंट जारी था।

पुलिस के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिलेभर में लंबित गिरफ्तारी एवं स्थायी वारंटों की तामील के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना सीतापुर पुलिस ने महेशपुर निवासी पुस्तक दास उर्फ पुष्कर को गिरफ्तार किया।

आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2023 के चोरी के मामले (धारा 457, 380, 34 भादवि) में न्यायालय द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। वहीं वर्ष 2025 के हत्या सहित अन्य धाराओं (धारा 103, 332, 115(2), 357(2), 310(3), 109 बीएनएस) के प्रकरण में न्यायालय ने स्थायी वारंट जारी किया था। न्यायालय में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण दोनों वारंट लंबित थे। सीतापुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर दोनों वारंटों की तामील करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।


अन्य पोस्ट