सरगुजा

शादी का झांसा, नाबालिग से रेप-गर्भपात, आरोपी बंदी
04-Jul-2026 9:54 PM
शादी का झांसा, नाबालिग से रेप-गर्भपात, आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 4 जुलाई। गांधीनगर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर नाबालिग से रेप तथा गर्भपात कराने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, पीडि़ता की शिकायत पर थाना गांधीनगर में धारा 64(2)(एम), 89 बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि 18 नवंबर 2024 को बलरामपुर जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के सुलसुली निवासी रमेश कुमार रवि ने पीडि़ता के किराये के कमरे में पहुंचकर शादी का झांसा दिया और रेप किया। आरोप है कि गर्भ ठहरने पर आरोपी ने दवा खिलाकर गर्भपात भी करा दिया तथा बाद में शादी और साथ रखने से इंकार कर दिया।

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने पीडि़ता का विस्तृत बयान दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी रमेश कुमार रवि (23 वर्ष) निवासी सुलसुली, थाना त्रिकुंडा, जिला बलरामपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट