सरगुजा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अंबिकापुर, 4 जुलाई। सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम राईखुर्द में आपसी विवाद के दौरान एक युवक की गैती से हमला कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त गैती भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम राईखुर्द निवासी तिलसाय ने थाना लुण्ड्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भाई जीतू नागेश 2 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे खेत में हल जोतने गया था। सुबह लगभग 10.15 बजे सूचना मिली कि गांव के झकड़ी उर्फ बुधराम बरगाह ने किसी बात को लेकर हुए विवाद में जीतू नागेश पर गैती से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। परिजन उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी झकड़ी उर्फ बुधराम बरगाह (60 वर्ष), निवासी राईखुर्द को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने आपसी विवाद के चलते गैती से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त गैती जब्त कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।