सरगुजा

कटकोना में भूमि अधिग्रहण के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, मुआवजा व खनन प्रक्रिया पर रोक की मांग
03-Jul-2026 9:55 PM
कटकोना में भूमि अधिग्रहण के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, मुआवजा व खनन प्रक्रिया पर रोक की मांग

आयुक्त और तहसीलदार के नाम सौंपा ज्ञापन, ग्रामसभा की सहमतिके बिना कार्रवाई नहीं करने की उठाई मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर/लखनपुर, 3 जुलाई। एसईसीएल की अमेरा ओपन कास्ट परियोजना के लिए ग्राम कटकोना में प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण और खनन प्रक्रिया का ग्रामीणों ने विरोध किया है। गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने तहसीलदार एवं सरगुजा संभाग के आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपकर अधिग्रहण, मुआवजा और खनन से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत कटकोना के 144 लोगों को मुआवजा संबंधी नोटिस जारी किए गए हैं। उनका कहना है कि ग्रामसभा की सहमति और प्रस्ताव के बिना किसी भी प्रकार का भूमि अधिग्रहण, सर्वे, मुआवजा वितरण अथवा खनन संबंधी कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए। ग्रामीणों ने जारी किए गए सभी नोटिस निरस्त करने की मांग भी की है।

ग्रामीणों का कहना है कि अमेरा ओपन कास्ट परियोजना के लिए उनकी कृषि भूमि का जबरन अधिग्रहण किया जा रहा है, जबकि पहले सिंचित कृषि भूमि का अधिग्रहण नहीं करने का आश्वासन दिया गया था। उन्होंने कहा कि ग्रामसभा में भी सर्वसम्मति से परियोजना के लिए भूमि नहीं देने का प्रस्ताव पारित किया गया है।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने मांग की है कि ग्राम कटकोना की भूमि पर प्रस्तावित खदान नहीं खोली जाए तथा ग्रामसभा की लिखित सहमति के बिना किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या खनन संबंधी कार्रवाई न की जाए। उन्होंने पेसा अधिनियम, 1996 तथा संविधान की पांचवीं अनुसूची के तहत अनुसूचित क्षेत्रों में ग्रामसभा को प्राप्त अधिकारों का पालन सुनिश्चित करने की भी मांग की।

ग्रामीणों ने कहा कि वे अपनी जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे और किसी भी कीमत पर अपनी भूमि नहीं देंगे। उन्होंने यह भी बताया कि रामगढ़ महोत्सव के दौरान इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को भी ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्तियों से अवगत कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद एसईसीएल की ओर से मुआवजा संबंधी नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, सरपंच, सचिव तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट