सरगुजा

मांगों पर कोटवारों की एक दिनी हड़ताल, सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
03-Jul-2026 9:52 PM
मांगों पर कोटवारों की एक दिनी हड़ताल, सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

15 से जिला स्तरीय आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 3 जुलाई। सरगुजा जिले के लखनपुर तहसील अंतर्गत कोटवार संघ ने शुक्रवार को अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय हड़ताल करते हुए तहसील कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कोटवारों ने कहा कि महंगाई के इस दौर में उन्हें न तो राजस्व विभाग के नियमित कर्मचारियों का दर्जा मिला है और न ही उनके वेतन में कोई बढ़ोतरी की गई है। उनका कहना था कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में उनका मानदेय बढ़ाकर 6 हजार रुपये किया गया था, लेकिन उसके बाद से आज तक इसमें कोई वृद्धि नहीं हुई है।

कोटवार संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि उनसे निर्धारित दायित्वों के अलावा कार्यालयों में झाड़ू लगाने, चौकीदारी करने सहित अन्य कार्य भी कराए जाते हैं। उन्होंने कहा कि कई कोटवारों के पास न तो स्वयं की कृषि भूमि है और न ही उन्हें कोटवारी भूमि उपलब्ध कराई गई है, जिससे आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

संघ ने ज्ञापन के माध्यम से नियमितीकरण, मानदेय में वृद्धि, कोटवारी भूमि उपलब्ध कराने सहित अन्य लंबित मांगों को पूरा करने की मांग की है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कोटवार संघ के पदाधिकारी और सदस्य शामिल रहे।

कोटवार संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 15 जुलाई से जिला स्तर पर चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।


अन्य पोस्ट