सरगुजा

नकटी गांव बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने फूंका सीएम का पुतला
03-Jul-2026 9:51 PM
नकटी गांव बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने फूंका सीएम का पुतला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 3 जुलाई। रायपुर के माना स्थित नकटी गांव में विधायक कॉलोनी निर्माण के लिए कथित तौर पर गरीब परिवारों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने अंबिकापुर के घड़ी चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने किया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बरसात के दौरान प्रशासन ने 85 गरीब परिवारों के मकानों पर बुलडोजर चलाया, जिनमें 32 मकान इंदिरा आवास एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि स्थानीय सांसद ने ग्रामीणों को बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं करने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन ने मकानों को ध्वस्त कर दिया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि मानसून के दौरान लोगों के आशियाने उजाडऩा अमानवीय है तथा यह सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों की भावना के विपरीत है। उन्होंने राज्य सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को इस मामले में प्रदेश की जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने गुरुवार को नकटी गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की थी। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री के पुतला दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके तहत अंबिकापुर में भी विरोध प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पुतला दहन को लेकर झूमा-झटकी भी हुई। कार्यक्रम में जे.पी. श्रीवास्तव, हेमंत सिन्हा, संजय विश्वकर्मा, मोहम्मद इस्लाम, इंद्रजीत सिंह धंजल, सत्येंद्र तिवारी, दुर्गेश गुप्ता, प्रशांत सिंह, सरोज साहू, डॉ. लालचंद यादव, अतुल तिवारी, रसीद अहमद, संजय सिंह, शांतनु मुखर्जी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट