सरगुजा

अदाणी विद्या मंदिर के पोषण मॉडल से 600 ग्रामीण बच्चों की सेहत सुधरी, कुपोषण पर प्रभावी नियंत्रण
03-Jul-2026 2:40 PM
अदाणी विद्या मंदिर के पोषण मॉडल से 600 ग्रामीण बच्चों की सेहत सुधरी, कुपोषण पर प्रभावी नियंत्रण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर/उदयपुर, 3 जुलाई। सरगुजा जिले के साल्ही स्थित अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित अदाणी विद्या मंदिर ने एक वर्ष तक चले विशेष ‘स्वास्थ्य एक्शन रिसर्च प्रोजेक्ट’ के माध्यम से 600 ग्रामीण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार का दावा किया है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार संतुलित पोषण और नियमित व्यायाम पर आधारित इस पहल से विद्यार्थियों में कुपोषण से जुड़ी समस्याओं में कमी आई है तथा प्रार्थना सभा के दौरान चक्कर आने की शिकायत पूरी तरह समाप्त हो गई है।

विद्यालय के अनुसार यह परियोजना सरगुजा जिले के 14 गांवों के लगभग 600 विद्यार्थियों पर लागू की गई। शैक्षणिक सत्र 2024-25 के दौरान प्रार्थना सभा में प्रतिदिन 15 से 20 विद्यार्थियों को कमजोरी और चक्कर आने की शिकायत होती थी। चिकित्सकीय जांच में अधिकांश बच्चों का वजन सामान्य से कम पाया गया, वहीं उनमें ऊर्जा और सहनशक्ति की भी कमी देखी गई।

अध्ययन में सामने आया कि बच्चों के भोजन में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा अधिक थी, जबकि प्रोटीन और सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी थी। स्थानीय खान-पान और सीमित डेयरी परंपरा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय ने डायटीशियनों की सलाह से ऐसा पोषण मॉडल तैयार किया, जिसमें स्थानीय भोजन शैली से समझौता किए बिना आवश्यक पोषक तत्व शामिल किए गए।

योजना के तहत विद्यार्थियों को प्रतिदिन 100 मिलीलीटर दूध के साथ पौष्टिक माल्ट आधारित पेय, मध्याह्न भोजन में सोयाबीन, मूंग दाल और चना जैसे प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थ, दो मौसमी फल तथा सप्ताह में दो बार सब्जियों से युक्त गेहूं का दलिया उपलब्ध कराया गया। साथ ही भोजन में अधिक तेल, अतिरिक्त नमक और सूजन बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों से परहेज रखा गया।

विद्यालय ने पोषण कार्यक्रम के साथ नियमित व्यायाम को भी अनिवार्य बनाया। सप्ताह में तीन दिन ऊपरी शरीर और तीन दिन निचले शरीर के व्यायाम कराए गए, जिससे विद्यार्थियों की मांसपेशियों की ताकत, सहनशक्ति और शारीरिक क्षमता में सुधार दर्ज किया गया।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार लगातार 12 माह तक इस योजना के संचालन के बाद विद्यार्थियों का औसत वजन बढ़ा है। अब प्रार्थना सभा के दौरान किसी भी विद्यार्थी को चक्कर आने की शिकायत नहीं होती तथा बच्चों में ऊर्जा, फुर्ती, आत्मविश्वास और शारीरिक सक्रियता पहले की तुलना में अधिक दिखाई दे रही है।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप तैयार किया गया यह पोषण एवं फिटनेस मॉडल ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के स्वास्थ्य सुधार का प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आया है। उनका कहना है कि यह पहल अदाणी फाउंडेशन की शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य संवर्धन और ग्रामीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

अदाणी विद्या मंदिर के बारे में

अदाणी फाउंडेशन के तत्वावधान में संचालित अदाणी विद्या मंदिर, सरगुजा आसपास के 14 से अधिक गांवों के विद्यार्थियों को नि:शुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराता है। विद्यालय में विद्यार्थियों को नि:शुल्क परिवहन, यूनिफॉर्म, पाठ्यपुस्तकें तथा पौष्टिक भोजन की सुविधा भी दी जाती है। विद्यालय का उद्देश्य प्रथम पीढ़ी के शिक्षार्थियों को बेहतर शिक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराना है।


अन्य पोस्ट