सरगुजा
3 दिनों में छह की गई जान, पिता-पुत्री समेत किशोरी बनी शिकार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर/बलरामपुर, 30 जून। सरगुजा और बलरामपुर जिलों में लगातार हो रही बारिश के बीच सर्पदंश की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। मंगलवार को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पिछले तीन दिनों में दोनों जिलों में सर्पदंश से मरने वालों की संख्या बढक़र छह हो गई है।
जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम डंभाटोली निवासी शनिचरा पैंकरा सोमवार रात अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ घर में जमीन पर सो रहे थे। देर रात एक जहरीले सांप ने उन्हें और उनकी चार वर्षीय बेटी महंती को डस लिया। परिजनों ने पहले गांव में झाड़-फूंक कराई, लेकिन तबीयत बिगडऩे पर सुबह दोनों को शंकरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने महंती को मृत घोषित कर दिया, जबकि शनिचरा को गंभीर हालत में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
इधर, सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सकरिया में 13 वर्षीय आसमनी एक्का अपने मामा के घर आई हुई थी। सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपनी मौसी के साथ जमीन पर सो रही थी। इसी दौरान करैत सांप ने उसे डस लिया। शोर मचाने पर परिजनों ने बिस्तर में करैत सांप देखा और तत्काल उसे कुन्नी अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
बारिश के साथ बढ़ा खतरा
लगातार हो रही बारिश के कारण सांपों के बिलों में पानी भरने से वे रिहायशी इलाकों की ओर निकल रहे हैं। अधिकांश घटनाएं जमीन पर सो रहे लोगों के साथ हुई हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, घरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचने की अपील की है।