सरगुजा

108 कलशों से महाभिषेक के साथ शुरू हुए रथ यात्रा के अनुष्ठान, गजानन वेष में हुए महाप्रभु के दर्शन
29-Jun-2026 8:49 PM
108 कलशों से महाभिषेक के साथ शुरू हुए रथ यात्रा के अनुष्ठान, गजानन वेष में हुए महाप्रभु के दर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 29 जून। श्री जगन्नाथ महाप्रभु की वार्षिक रथ यात्रा की तैयारियों को लेकर श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति एवं उत्कल समाज की संयुक्त बैठक संपन्न हुई। बैठक में रथ यात्रा से जुड़े धार्मिक अनुष्ठानों, सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, सेवा कार्यों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा कर विभिन्न समितियों की जिम्मेदारियां तय की गईं। समिति ने इस वर्ष रथ यात्रा को भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने का संकल्प लिया तथा नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। इधर, रथ यात्रा के धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत सोमवार को स्नान यात्रा एवं गजानन वेष के साथ हुई।

भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलभद्र एवं माता सुभद्रा का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 108 पवित्र कलशों के जल से महाभिषेक किया गया। स्नान के उपरांत भगवान ने गजानन (गणेश) स्वरूप में भक्तों को दिव्य दर्शन दिए।

पूजा-अर्चना ओडिशा से पधारे विद्वान पुजारी पंडित शंभूनाथ पांडा के सान्निध्य में वैदिक विधि-विधान से संपन्न हुई। अनुष्ठान के मुख्य यजमान अशोक सामल एवं श्रीमती मधु सामल रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रभु के दर्शन कर महाप्रसाद ग्रहण किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

समिति के अनुसार 30 जून से 14 जुलाई तक अनसर काल के दौरान मंदिर के पट बंद रहेंगे। 14 जुलाई को नेत्रोत्सव एवं नवयौवन दर्शन, 15 जुलाई को रथ आज्ञामाला बीजे तथा 16 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलभद्र एवं माता सुभद्रा की भव्य गुंडीचा रथ यात्रा निकाली जाएगी।

बैठक में मनोज कंसारी, अशोक सामल, लव कुशवाहा, राजू कंसारी, उमेश मिश्रा, विनोद कंसारी, संतोष कंसारी, कृष्ण कंसारी सहित समिति एवं उत्कल समाज के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट