सरगुजा
पीएआईडब्लू मानदेय भुगतान में अनियमितता का आरोप, 3 दिन में मांगा जवाब
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 जून। पशुधन विकास विभाग सरगुजा के प्रभारी उपसंचालक डॉ. आर.पी. शुक्ला को 12 दिनों के भीतर दूसरी बार कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इस बार नोटिस प्राइवेट कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ताओं के मानदेय भुगतान में कथित वित्तीय अनियमितता और विभागीय लापरवाही के आरोपों को लेकर संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं, रायपुर की ओर से जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, संचालक कार्यालय ने वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 के लंबित मानदेय की जानकारी सभी जिलों से मांगी थी। इसके जवाब में डॉ. शुक्ला ने पत्र क्रमांक 1671, दिनांक 2 फरवरी 2026 के माध्यम से दोनों वर्षों का लंबित मानदेय शून्य बताया तथा वर्ष 2024-25 के लिए 5.40 लाख रुपये की मांग भेजी। इसके आधार पर संचालक कार्यालय ने 5 फरवरी 2026 को उक्त राशि का आबंटन कर दिया।
आरोप है कि वर्ष 2024-25 के लिए आबंटित राशि में से 1.14 लाख रुपये का भुगतान वर्ष 2023-24 के कार्यों के लिए कर दिया गया, जबकि पूर्व में स्वयं विभाग की ओर से उस वर्ष का कोई भुगतान लंबित नहीं होने की जानकारी दी गई थी। संचालक ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3(1) एवं 3(2) का उल्लंघन मानते हुए पत्र क्रमांक 3620, दिनांक 23 जून 2026 के माध्यम से कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले विभाग के पशु चिकित्सक डॉ. संजीवन टोप्पो की गिरफ्तारी एवं जेल जाने की सूचना विलंब से संचालक कार्यालय को भेजे जाने के मामले में भी डॉ. आर.पी. शुक्ला को 11 जून को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।