सरगुजा
मार्कफेड अध्यक्ष ने कहा 2573 पैक्स समितियों सहित विभिन्न सहकारी संस्थाओं की रहेगी सहभागिता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता--
अंबिकापुर, 27 जून। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई तक पूरे देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी सहकारी सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रदेशभर में सहकारिता आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शनिवार को अंबिकापुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) के अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी ने इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार सहकारी सप्ताह के दौरान प्रदेश में सहकारिता से जुड़ी उपलब्धियों, योजनाओं और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विविध गतिविधियों का आयोजन होगा। सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने 23 जून को विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की थी। इसके अलावा प्रदेश की पैक्स समितियों के प्राधिकृत अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजन की रूपरेखा और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
शशिकांत द्विवेदी ने बताया कि राज्य स्तरीय सहकारी चिंतन शिविर एवं सहकार मेला का आयोजन 3 एवं 4 जुलाई को रायपुर के लाभांडी स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर के कृषि मंडपम ऑडिटोरियम में किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि इसकी अध्यक्षता सहकारिता मंत्री केदार कश्यप करेंगे।
उन्होंने बताया कि सहकारी सप्ताह के दौरान प्रदेश की सभी पैक्स समितियों, दुग्ध, मत्स्य, बुनकर तथा अन्य सहकारी समितियों में ध्वजारोहण, सदस्यता अभियान, माइक्रो एटीएम, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) एवं रूपे केसीसी कार्ड वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही सहकार दौड़, वृक्षारोपण, मृदा परीक्षण, कृषक संगोष्ठी तथा किसानों की आय बढ़ाने में एफपीओ और पैक्स की भूमिका पर परिचर्चा भी आयोजित होगी।
द्विवेदी ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को मजबूत करना तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सहकारी संस्थाओं की भूमिका को और प्रभावी बनाना है।
उन्होंने बताया कि सहकार मेला में पैक्स समितियों के अलावा दुग्ध, मत्स्य, लघु वनोपज, बुनकर सहकारी समितियों के साथ नाबार्ड, एनसीडीसी, एनसीसीएफ, नैफेड, सीएससी, इफको, कृभको, राज्य सहकारी संघ तथा अन्य संस्थाएं भी अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगी।
उन्होंने जानकारी दी कि 6 जुलाई को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री द्वारा विकेंद्रीकृत विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के अंतर्गत प्रदेश की नौ पैक्स समितियों में गोदाम निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश की नवगठित 515 पैक्स समितियों सहित कुल 2573 पैक्स, दुग्ध, मत्स्य, बुनकर एवं अन्य सहकारी समितियों की सहभागिता रहेगी।
पत्रकार वार्ता में बताया गया कि सहकारी सप्ताह की तैयारियों को लेकर सहकारिता मंत्री केदार कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक), मार्कफेड, जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अध्यक्षों तथा अन्य सहकारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में राज्यभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई तथा सभी संबंधित संस्थाओं को अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मार्कफेड अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से किसानों, ग्रामीणों और विभिन्न उत्पादक समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में यह सप्ताह महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने सभी सहकारी समितियों एवं हितग्राहियों से कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। प्रेस वार्ता के दौरान जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रामकिशुन सिंह मौजूद थे।
डीएपी की कमी से खेती नहीं होगी प्रभावित, नैनो यूरिया बनेगा विकल्प- शशिकांत द्विवेदी
छत्तीसगढ़ मार्कफेड अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी ने शनिवार को पत्रकारों से चर्चा में कहा कि ईरान-अमेरिका और इजराइल से जुड़े अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण प्रदेश में डीएपी खाद की लगभग 35 प्रतिशत कमी है। हालांकि किसानों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि नैनो यूरिया, नैनो पोटाश तथा अन्य उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 79 हजार 685 मीट्रिक टन नैनो यूरिया का भंडार मौजूद है, जिससे खरीफ सीजन में खेती प्रभावित नहीं होगी। द्विवेदी ने कहा कि वर्ष 1960 में डीएपी खाद किसानों के लिए वरदान साबित हुई थी, लेकिन अत्यधिक उपयोग के कारण अब यह मिट्टी, जल और वायु प्रदूषण का कारण बन गई है। उन्होंने किसानों से नैनो उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि इससे बेहतर उत्पादन के साथ शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण अनाज भी प्राप्त होगा।